Skip to content
वीथिका
Menu
  • Home
  • आपकी गलियां
    • साहित्य वीथी
    • गैलिलियो की दुनिया
    • इतिहास का झरोखा
    • नटराज मंच
    • अंगनईया
    • घुमक्कड़
    • विधि विधान
    • हास्य वीथिका
    • नई तकनीकी
    • मानविकी
    • सोंधी मिटटी
    • कथा क्रमशः
    • रसोईघर
  • अपनी बात
  • e-पत्रिका डाउनलोड
  • संपादकीय समिति
  • संपर्क
  • “वीथिका ई पत्रिका : पर्यावरण विशेषांक”जून, 2024”
Menu

नौशेरा का शेर : ब्रिगेडियर उस्मान

Posted on November 11, 2023

लेखिका – दिशा सिंह, मऊ

भारतीय सेना के वीर सैनिकों की गरिमा को बयान करने वाले कई महान योद्धाओं में से एक नाम है – ब्रिगेडियर उस्मान ।

उनकी जीवन कथा और सैन्य सेवा ने भारतीय सेना के लिए एक अद्वितीय प्रतिबद्धता का स्तम्भ रखा है। जब भारत को आजादी मिली तो उस समय केवल 18 ब्रिगेडियर रैंक के अधिकारी थे और ब्रिगेडियर मुहम्मद उस्मान उनमें से एक थे। अपने साथियों में उम्र में सबसे छोटे और सैम मानेकशॉ से तीन दिन सीनियर होने के कारण, यह लगभग तय था कि उस्मान सेना प्रमुख बनेंगे। एक सैनिक जो अपने राष्ट्र के कभी साथ विश्वासघात नहीं करता, उसने पाकिस्तान सेना की सेवा करने के, जिन्ना के आकर्षक प्रस्ताव को ठुकरा दिया। लेकिन लोगों का विश्वास जीतने के लिए यह पर्याप्त नहीं था, वह भी उस कठिन समय में जब सेना को भी भारत और पाकिस्तान के बीच धार्मिक आधार पर विभाजित किया जा रहा था। नवंबर, 1947 में उन्हें जम्मू-कश्मीर में नौशेरा की कमान सौंपी गई थी क्योंकि पाकिस्तान ने कश्मीर पर आक्रमण कर दिया था। जब कई मुस्लिम सैनिक और स्थानीय लोग पहले से ही पाकिस्तान के पक्ष में थे, तब भारत के पास एक मुस्लिम सेना कमांडर था। बेशक, कुछ आशंकाएँ थीं लेकिन वे जल्द ही शांत हो गईं क्योंकि उस्मान ने अभिवादन के रूप में ‘जय हिंद’ को शामिल किया, जो पहले आज़ाद हिंद फ़ौज द्वारा इस्तेमाल किया जाता था।

15 जुलाई 1912 को तत्कालीन यूनाइटेड प्राविन्स के छोटे से शहर आज़मगढ़ (वर्तमान मऊ) के बीबीपुर में जन्मे मोहम्मद उस्मान ने अपनी शिक्षा उसी शहर में पूरी की। पिता काज़ी मोहम्मद फारुक बनारस के कोतवाल थे । ब्रिटिश सरकार ने मोहम्मद फारुक के काम से खुश होकर उन्हें ‘खान बहादुर’ की उपाधि दी थी । उस्मान की तीन बड़ी बहने थीं और 2 भाई थे । एक भाई गुफरान भी भारतीय सेना में ब्रिगेडियर के पद से रिटायर हुए, और दूसरे भाई सुभान पत्रकार थे । उस्मान बचपन में थोड़ा हकलाते थे। उनके पिता को एहसास हुआ कि यह आदत उन्हें सिविल सेवाओं में उत्तीर्ण होने से रोक सकती है और उन्होंने उन्हें पुलिस के लिए तैयार किया। एक बार उनके पिता उन्हें पुलिस के बड़े अधिकारी से मिलवाने ले गए। उस अंग्रेज अफसर ने उस्मान से कुछ पूछा तो उस्मान ने हकलाते हुए जवाब दिया। इसे संयोग ही कहा जाएगा कि वो अंग्रेज अफसर भी हकलाता था । उसे लगा कि उस्मान उसकी नकल कर रहे हैं। वो अफसर काफी भड़क गया और दुर्भाग्य से बैठक का उद्देश्य पूरा नहीं हो सका।

बाद में मो. उस्मान ने 1934 में अपनी स्नातक की पढ़ाई पूरी की और फिर उन्हें ब्रिटेन के प्रतिष्ठित रॉयल मिलिट्री अकादमी सैंडहर्स्ट में सेकेंड लेफ्टिनेंट के रूप में प्रवेश करने का मौका मिला। और एक महीने के बाद, वह एक साल के लिए कैमरूनियों की पहली बटालियन में शामिल हो गए।

उस्मान ने जब तक भारतीय सेना में जाने का मन बनाया, तब तक ब्रिटिश आर्मी में भारतीयों की अफसर के तौर पर भर्ती शुरू हो गई थी. सन 1920 से ब्रिटिश सरकार ने रॉयल मिलिटरी एकेडमी, सैंडहर्स्ट में भारतीय नौजवानों के लिए रास्ते खोल दिए थे। सन 1932 में उस्मान ने सेना भर्ती में आवेदन किया और सैंडहर्स्ट के लिए चुन लिए गए। उस साल बैच कुल 45 कैटेड्स का था। भारत के 10 लड़कों को ब्रिटिश आर्मी में अफसर के तौर पर चुना गया था।

जिस साल उस्मान सैंडहर्स्ट गए, उसी साल ब्रिटिश आर्मी ने भारत में इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA) का गठन किया था। इसी साल IMA के लिए सैम मानेकशॉ, स्मिथ दून और मोहम्मद मूसा को चुना गया था। आगे चलकर मानेकशॉ भारत,  दून बर्मा और मूसा पाकिस्तान की सेना के सर्वोच्च पद पर तैनात हुए। कहते हैं अगर 1948 में उस्मान शहीद नहीं हुए होते तो वो भारत के सेनाअध्यक्ष जरूर बनते।

कहानी 1947 में भारत और पाकिस्तान के विभाजन के बाद शुरू होती है। वह सेना में सर्वोच्च रैंक वाले मुस्लिम अधिकारी थे और बलूच रेजीमेन्ट में पोस्टेड थे। इस वजह से पाकिस्तानी सरकार ने उन पर भारतीय सेना के बजाय अपनी सेना में शामिल होने के लिए बहुत दबाव डाला। लेकिन सभी प्रस्तावों और बल के बावजूद, ब्रिगेडियर मोहम्मद उस्मान अपने राष्ट्र की सेवा करने के अपने फैसले पर दृढ़ थे, चाहे कुछ भी हो। अंततः ब्रिगेडियर उस्मान को भारतीय सेना में डोगरा रेजिमेंट की कमान सौंपी गई ।  जब 1947 में पाकिस्तान से अज्ञात जनजातियों को जम्मू-कश्मीर भेजा गया, तो उनका एक ही मकसद था कि भारतीय राज्य- जम्मू-कश्मीर पर कब्ज़ा करके उसे पाकिस्तान को दे दिया जाए। इस समय ब्रिगेडियर मोहम्मद उस्मान 77वीं पैराशूट ब्रिगेड के कमांडर थे। बाद में, ब्रिगेडियर उस्मान को झांगर शहर में 50वीं पैराशूट ब्रिगेड में भेजा गया – जो पाकिस्तान और भारत के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिक स्थान और युद्ध का केंद्र बिंदु था, जिसे भारतीय सेना ने खो दिया था । जिस दिन पाकिस्तानी सेना ने झांगर पर कब्ज़ा कर लिया, उसी दिन मो. उस्मान ने शहर को अपनी सेना के नियंत्रण में पुनः प्राप्त करने का वचन दिया।

इसके अलावा, वर्ष 1948 में, ब्रिगेडियर मोहम्मद उस्मान की कमान के तहत, भारतीय सेना ने नौशेरा की सफलतापूर्वक रक्षा की और केवल 102 सैनिकों के साथ लगभग 2000 पाकिस्तानियों को घायल कर दिया। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन और नेतृत्व के कारण उन्हें एक नाम भी मिला- नौशेरा का शेर । उनके साहसी कृत्यों ने पाकिस्तानियों को दुखी कर दिया, और पाकिस्तानी सेना ने ब्रिगेडियर उस्मान के सिर पर 50,000 का इनाम रखा। लेकिन इतनी नफरत और हमलों के बाद भी ब्रिगेडियर उस्मान अपराजेय रहे और उन्होंने झांगर पर दोबारा कब्ज़ा करने का अपना मिशन जारी रखा। फरवरी 1948 में, सेना को अंततः दुश्मनों को हराने और झंगर शहर से बाहर निकलने में सफलता मिली। भविष्य में, दुश्मन सैनिकों ने कई बार शहर पर कब्ज़ा करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें हार का स्वाद ही चखना पड़ा। दोनों देशों के बीच कई महीनों तक जवाबी हमले जारी रहे। मई 1948 में, जब पाकिस्तानी सेना मैदान में कूद पड़ी, उस समय हमला बहुत गंभीर था और इसी दौरान ब्रिगेडियर मोहम्मद उस्मान पर दुश्मन ने 25 पाउंड का गोला दाग दिया । भारत की माटी के इस लाल ने 3 जुलाई 1948 को अपने देश के लिए लड़ते हुए अपनी जान दे दी। यहां तक कि जब वह जमीन पर लेटे हुए अपनी आखिरी सांसें ले रहे थे, तब भी अपनी बटालियन के लिए उनके शब्द थे, “मैं मर रहा हूं, लेकिन जिस इलाके के लिए हम लड़ रहे हैं, उसे दुश्मन के हाथ में न जाने दें।” उनकी बहादुरी और साहसी कहानियाँ सभी सैनिकों और नागरिकों के लिए प्रेरणा हैं। ब्रिगेडियर उस्मान को उनकी शहादत के बाद भारत के दूसरे सबसे बड़े सैन्य सम्मान महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

  • August 2026 E Patrika Donwload /अनघा..अच्युत…आशुतोष
  • धुरंधर फिल्म : सफलता और विवाद
  • कविता – धमाके
  • सशक्त युवा – समर्थ राष्ट्र
  • कविता – भागती लड़कियाँ
©2026 वीथिका | Design: Newspaperly WordPress Theme